शेख़ ज़कज़ाकी की स्थिति अस्पष्ट, पत्नी व बेटे की शहादत

नाइजीरिया के सैनिकों ने इस देश के वरिष्ठ शिया धर्म गुरू शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी के घर पर हमला करके उनकी पत्नी, बेटे व कई अन्य लोगों को शहीद कर दिया है जबकि स्वयं उनकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

नाइजीरियाई सेना के हमले में इसी प्रकार शेख़ ज़कज़ाकी के सहायक शेख़ मुहम्मद तूरी, उनके चिकित्सक डाक्टर मुस्तफ़ा सईद, उनके दो निकट साथी इब्राहीम उसमान और जमी गलीमा भी शहीद हो गए हैं। शेख़ ज़कज़ाकी के चार बेटे थे जिनमें से तीन को सेना ने विश्व क़ुद्स की रैली पर हमला करके शहीद कर दिया था और रविवार को एकमात्र बाक़ी बचे उनके बेटे को भी शहीद कर दिया।

यह भी देखें नाइजीरिया में शिया आलिम के घर पर सुरक्षा बलों का हमला + तस्वीरें

नाइजीरिया के एक यूनिवर्सिटी प्रोफ़ेसर यहूदा इमाम ने बताया कि ज़ारिया नगर में शेख़ ज़कज़ाकी के घर और इमाम बाड़े पर सेना ने भीषण हमला किया है और अभी तक उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने अलआलम टीवी से बात करते हुए कहा कि इस्लामी आंदोलन के प्रमुख शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी के घर और इमाम बाड़े पर हमले में सेना ने अत्यधिक हिंसा का प्रदर्शन किया जिसके परिणाम स्वरूप सैकड़ों लोग मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि शेख़ ज़कज़ाकी के घर और इमाम बाड़े को पूर्णरूप से ध्वस्त कर दिया गया है और मरने वालों की संख्या सैकड़ों में है किंतु सही संख्या का पता नहीं चल पा रहा है क्योंकि वह स्थान सेना के घेरे में है और किसी को भी वहां नहीं जाने दिया जा रहा है। यहूदा इमाम ने बताया कि जिस समय सेना ने हमला किया उस समय वहां हज़ारों लोग मौजूद थे। रविवार को सेना ने विस्फोटकों और बुल्डोज़रों से इमाम बाड़े पर हमला करके ध्वस्त कर दिया और शवों को सैन्य ठिकानों पर पहुंच दिया।

नाइजीरिया के प्रमुख शिया धर्मगुरू शेख़ इब्राहीम ज़कज़ाकी, जो इस्लामी आंदोलन के प्रमुख भी हैं, नाइजीरिया सरकार के राजनैतिक भ्रष्टाचार की आलोचना करते रहे हैं और इसी प्रकार उन्होंने ज़ायोनी शासन के साथ नाइजीरिया के संबंधों पर भी आपत्ति की है। शेख़ ज़कज़ाकी ने आतंकी गुट बोकोहराम के साथ कुछ नाइजीरियाई अधिकारियों के संबंधों का भी राज़ फ़ाश किया था।

नई टिप्पणी जोड़ें