कनाडा में मस्जिद पर हमला, लगाई आग

दक्षिणी कनाडा के पीटरबरो शहर में अज्ञात लोगों ने मस्जिद में आग लगा दी।

कनाडा की पुलिस ने बताया है कि पीटरबरो शहर की एक मात्र मस्जिद “मस्जिदुस्सलाम को अज्ञात लोगों ने आग लगा दिया और इस संबंध में जांच जारी है।

रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार की शाम नमाज़ पढ़ने के लिए मुसलमान मस्जिद में एकत्रित हुए थे और स्थानीय समयानुसार लगभग ग्यारह बजे मस्जिद में आग लगी।

पुलिस का कहना है कि इस घटना से कोई जानी नुक़सान नहीं हुआ किन्तु मस्जिद को भारी नुक़सान पहुंचा है। पुलिस संदिग्ध हमलावर की तलाश कर रही है और हमले के कारण का पता लगा रही है। इन सबके बावजूद स्थानीय लोग, इस्लाम से घृणा को इस हमले का कारण बता रहे हैं।

पीटरबरो शहर के मेयर डैरल बेनेट ने एक बयान में इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि लोगों के उपासना स्थल पर हमला घृणित कृत्य है। उन्होंने कहा इस मस्जिद का नाम मस्जिदुस्सलाम है जिसका अर्थ होता है शांति। डैरल बेनेट ने कहा कि यदि यह साबित हो जाए कि यह कार्यवाही इस्लाम से घृणा के कारण है तब भी यह कार्यवाही इस बात को नहीं दर्शाती कि हमारी जनता मुसलमानों के प्रति ऐसी भावना रखती है।

स्थानीय मुसलमानों का कहना है कि वह मस्जिद के पुनर्निमाण के लिए सहायता एकत्रित कर रहे हैं क्योंकि मस्जिद को भारी नुक़सान पहुंचा है और इसके पुनर्निमाण के लिए 80 हज़ार डालर का ख़र्चा आएगा।

यह घटना पेरिस आतंकी हमले के एक दिन बाद घटी है।

नई टिप्पणी जोड़ें