आतंकवादी हमलों से दहला फ़्रांस, 140 से अधिक लोगों की मौत
फ़्रांस की राजधानी पेरिस में हुए बम धमाकों और फ़ायरिंग में कम से कम 140 लोग मारे गए और 200 से अधिक घायल हो गए हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार पेरिस के एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार की रात एक बंदूक़धारी ने फ़ायरिंग कर दी, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई।
एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि पेटाइट कंबोज रेस्त्रां में 100 राउंड फ़ायरिंग की गई।
पेरिस के बैटाकलां कन्सर्ट हॉल में बंदूकधारियों द्वारा बंधक बनाए गए 100 लोग उस वक़्त मारे गए जब पुलिस ने वहां उन्हें आज़ाद कराने के लिए कार्यवाही की। कार्यवाही में बंदूक़धारी भी मारे गए हैं।
पेरिस सिटी हाल के एक अधिकारी के मुताबिक़, शहर के दूसरे इलाक़ों में भी अलग अलग घटनाओं में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं।
पेरिस के उत्तर में स्थित नेशनल स्टेडियम के निकट भी तीन धमाके हुए, जिसमें कई लोगों के हताहत और घायल होने के समाचार हैं।
जिस समय यह धमाके हुए उस समय स्टेडियम में फ़्रांस और जर्मनी के बीच फ़ुटबॉल मैच खेला जा रहा था।
फ़्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद भी मैच देख रहे थे लेकिन उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया।
फ़्रांस के राष्ट्रपति फ़्रांस्वा ओलांद ने राष्ट्र के नाम संदेश में आपातकाल की घोषणा की है। फ़्रांस की सीमाओं को सील करने का आदेश दिया है।
पेरिस निवासियों के घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है। स्थानीय पुलिस की मदद के लिए सेना को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने पेरिस हमलों की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर ली है।
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पेरिस हमलों को बर्बर और उत्तेजक बताता है।
व्हाईट हाउस में पत्रकारों के साथ बात करते हुए ओबामा ने कहा, एक बार फिर हमने देखा कि निर्दोष लोगों को आतंकित करने का उत्तेजक प्रयास किया गया है
पेरिस हमलों पर निंदा का दौर जारी
शनिवार को ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके पेरिस आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की और दर्जनों निर्दोष लोगों की मौत पर फ़्रांसीसी राष्ट्र और सरकार से संवेदना प्रकट की।
विदेश मंत्रालय के बयान में आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए संकल्प दोहराया गया है और उल्लेख किया गया है कि ईरान आतंकवाद और चरमपंथ के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए घातक आतंकवादी हमलों की निंदा करते हुए निर्दोष लोगों की हत्याओं पर गहरा दु:ख प्रकट किया है।
राष्ट्रपति मुखर्जी ने ट्वीट किया, ‘मैं पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा करता हूं। भारत फ्रांस के साथ दृढ़ता के साथ खड़ा है। मेरी संवेदनाएं फ्रांस के लोगों के साथ हैं।’
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने भी पेरिस हमले की निंदा करते हुए इसे घृणित आतंकवादी हमला बताया है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, 'पेरिस में आज हुई घटना से मैं स्तब्ध हूं। हम लोग पूरी तरह से फ्रांस के लोगों के साथ हैं।
वहीं अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हमले की निंदा करते हुए इसे मानवता पर हमला बताया और कहा कि अमरीका पूरी तरह से फ्रांस के साथ खड़ा है।
नई टिप्पणी जोड़ें