चौथे इमाम की विलादत ने शाबान के महीने में लगाए चार चाँद
चौथे इमाम की विलादत ने शाबान के महीने में लगाए चार चाँद
शाबान का शुभ महीना आ पहुंचा कि जिसकी पांचवी तारीख़ की शोभा में इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के शुभ जन्म दिन से चार चांद लग गए। ऐसी महान हस्ती जिसने अपने महान पिता हज़रत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की शहादत के पश्चात इस्लामी इतिहास के बहुत ही संवेदनशील चरण में इमामत अर्थात ईश्वर की ओर से जनता के मार्गदर्शन का दायित्व संभाला। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम ने जनता के मार्गदर्शन के ईश्वरीय दायित्व के 34 वर्षीय उपलब्धि भरे काल में बहुत सी मूल्यवान शिक्षाएं यादगार के रूप में हमारे लिए छोड़ीं हैं कि जिनका एक भाग सहीफ़ए सज्जादिया नामक मूल्यवान किताब के रूप में मौजूद है। सहीफ़ए सज्जादिया ईश्वरीय शिक्षाओं से भरा हुआ मूल्यवान ख़ज़ाना है।
यद्यपि मार्गदर्शन करने वाली शिक्षाओं का यह समूह ईश्वर की प्रार्थना व वंदना पर आधारित है किन्तु यह अपने आप में प्रशिक्षण की एक व्यापक व्यवस्था समोए हुए है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम ने प्रार्थना की भाषा में आस्था, नैतिकता और सामाजिक मामलों से संबंधित सर्वश्रेष्ठ पाठ पेश किए हैं। ऐसे मामले जिनका हर काल के मनुष्य को सामना करना पड़ता है। श्रोताओ इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के शुभ जन्म की हार्दिक बधाईयों के साथ आपकी सेवा में सहीफ़ए सज्जादिया के प्रशिक्षण संबंधी कुछ मूल्यवान आयामों का उल्लेख करने जा रहे हैं। मनुष्य में आत्मिक परिपूर्णताओं तक पहुंचने की क्षमता मौजूद है किन्तु इन परिपूर्णताओं की प्राप्ति सही प्रशिक्षण पर निर्भर है।
वास्तव में प्रशिक्षण की सर्वश्रेष्ठ शैली को हर समय व काल के पूरिपूर्ण मनुष्यों के कथन व आचरण में ढूंढा जा सकता है। ऐसे मनुष्य जो हर समय व काल के लिए आदर्श हैं। पैग़म्बरे इस्लाम सलल्ल लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम और उनके पवित्र परिजनों के कथन व आचरण पर चिंतन से हम इस तथ्य से अवगत होते हैं कि इन महापुरुषों की मौजूद शिक्षाएं एक सुखद जीवन का चार्ट पेश करती हैं। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम एकेश्वरवाद के ध्रुव पर मनुष्य के प्रशिक्षण पर बल देते हैं और इसी आधार पर वंदना, ईश्वर की पहचान, उस पर ईमान और उससे भय पर भरोसा करते हैं। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम पूरी सहीफ़ए सज्जादिया में ईश्वर की प्रसन्नता और उसके सामिप्य को मनुष्य का अंतिम लक्ष्य बताते हैं और लोगों का प्रार्थना व वंदना की भाषा में अनन्य वास्तविकता की ओर मार्गदर्शन करते हैं। मनुष्य के प्रशिक्षण के लिए सहीफ़ए सज्जाद में प्रयुक्त भाषा, तर्कसंगत व भावात्मक भाषा के रूप में मनुष्य के मन में मीठी व सुखद पहचान जागृत करती है और उसे वास्तविकता समझने के लिए तय्यार करती है।
इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम विभिन्न दुआओं व प्रार्थनाओं में हमे यह समझाना चाहते हैं कि मनुष्य के जीवन के सभी चरणों का आधार ईश्वर होना चाहिए अर्थात मनुष्य को यह समझना चाहिए कि ईश्वर हर क्षण उसके पास है। सहीफ़ए सज्जादिया में इस तथ्य की ओर इशारा किया गया है कि ईश्वर के साथ मनुष्य का संबंध उसकी पहचान से स्थापित होता है। सहीफ़ए सज्जादिया में वर्णित प्रशिक्षण की पहली विशेषता प्रवृत्ति से मनुष्य का सामंजस्य है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम मनुष्य की जन्मजात आवश्यकताओं की पूर्ण पहचान के साथ उनसे मनुष्य के प्रशिक्षण के साधन के रूप में सहायता लेते हैं। मनुष्य की इसी जन्मजात प्रवृत्ति में ईश्वर की खोज और उसकी ओर ध्यान लगाना भी है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम ने इस प्रवृति व रुझान को प्रार्थना व वंदना की पृष्ठिभूमि के रूप में उपयोग किया है और मनुष्य के मन को ईश्वरीय कृपा का पात्र बनने के लिए तय्यार करते हैं।
इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम जैसा कि सहीफ़ए सज्जाद की पहली प्रार्थना में ईश्वर की बहुत ही सुंदर शब्दों में प्रशंसा करते हुए कहते हैः वह ईश्वर कि जिसे न तो दृष्टि देख सकती है और न ही सोच उस तक पहुंच सकती है। अपनी शक्ति से पूरी सृष्टि की रचना की और उसे बिना किसी पूर्व उदाहरण व नमूने के अपने इरादे व इच्छा से पैदा किया। सांसारिक जीवन में ईश्वर का सामिप्य परम उद्देश्य के रूप में इतना महत्व रखता है कि इसे इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम मनुष्य के मन शांति कुंजी बताते हैं। जैसा कि सहीफ़ए सज्जादिया की 47 वीं प्रार्थना में हम पढ़ते हैः हे ईश्वर अपने निकट मेरे लिए एक ऐसे शांन्ति स्थल की व्यवस्था कर दे कि जिसमें शांति मिल सके और एक ऐसे स्थान की व्यवस्था कर दे कि जिसमें रहूं और अपनी आंखों से वास्तविकता को देख सकूं।यह शांति उसी समय प्राप्त होगी जब मनुष्य इस संसार की अपनी समस्त चीज़ों को ईश्वर का सामिप्य प्राप्त करने का माध्यम बनाए।
जैसा कि सहीफ़ए सज्जादिया की 30 वीं दुआ में हम पढ़ते हैः हे प्रभु! तूने जो कुछ सांसारिक धन संपत्ति दी है और जो चीज़ें मुझे इस संसार में दी हैं उसे तेरे पास पहुंचने और तेरा सामिप्य पाने तथा स्वर्ग तक पहुंचने का माध्यम बना दे। ईश्वर के सामिप्य का अर्थ उसके निकट होना है जो उससे दूरी का विलोम है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम सहीफ़ए सज्जादिया की बीसवीं प्रार्थना में ईश्वर से इन शब्दों में वंदना करते हैः हे प्रभु! मुझे ऐसा बना दे कि विपत्ती की स्थिति में तेरी सहायता से समस्याओं पर विजय प्राप्त करूं, आवश्यकता पड़ने पर तुझसे चाहूं और हाथ ख़ाली होने पर तेरे द्वार पर गिड़गिड़ाऊं। प्रार्थना का यह टुकड़ा इस बात को सिद्ध करता है कि मनुष्य की भीतरी शक्ति उसे ईश्वर की ओर ले जाती है और विपत्ती व आवश्यकता की स्थिति में उसी से सहायता चाहता है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम प्रशिक्षण के पहले आधारभूत सिद्धांतों में से एक ईश्वर की ओर मनुष्य के ध्यान लगाने की आवश्यकता के उल्लेख के पश्चात ईश्वरीय अनुकंपाओं का उल्लेख करते हैं। अनुकंपाओं के उल्लेख के साथ प्रवचन अधिक प्रभावी होता है। अनुकंपाओं का इसलिए उल्लेख किया जा रहा है क्योंकि मनुष्य कभी अधिक व्यस्तता व अज्ञानता के कारण कभी अपने अतीत तो कभी स्वयं को प्राप्त अनुकंपाओं को भुला बैठता है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम की प्रशिक्षण शैली में अनुकंपाओं का उल्लेख ईश्वर की स्तुति के साथ होना चाहिए और फिर ईश्वरीय कृपा के रूप में तौबा अर्थात पश्चाताप और उसकी ओर वापसी पर बल देते हैं।
इमाम ज़ैनुल आबेदीन ईश्वर द्वारा मनुष्य के लिए तौबा का द्वार खुला रखने पर उसकी प्रशंसा करते हैं और उसे परिपूर्ण व सौभाग्यशाली व्यक्ति बताते हैं जो ईश्वर को याद रखता है। सहीफ़ए सज्जादिया में तौबा अर्थात पापों से प्रायश्चित को व्यवहार में परिवर्तन के लिए महत्वपूर्ण सिद्धांत के रूप में पेश किया गया है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम की दृष्टि में प्रायश्चित का संबंध केवल पाप से नहीं है बल्कि ईश्वर की प्रसन्नता की परिधि से हर प्रकार की दूरी की स्थिति में प्रायश्चित की आवश्यकता है। जैसा कि सहीफ़ए सज्जादिया की 41 वीं प्रार्थना में इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम फ़रमाते हैः हे प्रभु! मन के विचार, दृष्टि, और बातें जो तेरी इच्छा या तेरी मित्रता की परिधि से बाहर हो तो तेरी ओर पलटता और प्रायश्चित करता हूँ। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम मनुष्य को ईश्वर की कृपा व क्षमा की ओर से आशावान बनाते हुए इसे मनुष्य के प्रशिक्षण के एक और महत्वपूर्ण सिद्धांत के रूप में उपयोग करते हैं।
इस शैली के कारण मनुष्य शांत व संतुष्ट मन से कर्म के मैदान में उतर कर अपने व्यवहार में परिवर्तन लाता है। सहीफ़ए सज्जादिया में एक स्थान पर हम पढ़ते हैः तुझसे निराश नहीं हूं जबकि तूने अपनी ओर पलटाने के लिए द्वार को मेरे लिए खोल रखा है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम ईश्वर के अपने बंदों के साथ कृपालु व्यवहार पर अपने आश्चर्य को इस प्रकार व्यक्त करते हैः मेरे लिए तेरी सहनशीलता और मुझे दंडित करने में तेरा जल्दबाज़ी न करना अधिक आश्चर्य की बात है और ऐसा तेरे निकट मेरे प्रिय होने के कारण नहीं है बल्कि ये तेरी कृपा है ताकि मैं उस पाप को छोड़ दूं जो तुझे क्रोधित करता है और लज्जित करने वाले पापों से स्वयं को रोक लूं और यह इसलिए भी है कि मुझे दंडित करने से अधिक मुझे क्षमा करना तुझे अधिक पसदं है। इस प्रकार इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम ईश्वर के प्रति सद्भावना पैदा कर मनुष्य को प्रशिक्षण तक पहुंचने के लिए आत्मिक परिपूर्णतः तक पहुंचने के लिए दृढ़ संकल्पित करते हैं।
इमाम ज़ैनुल आबेदीन स्वयं से प्रेम के कारण उत्पन्न होने वाली इच्छाओं से सहायता ली और अपनी प्रार्थनाओं में उन्हें ईश्वर से मांगते हैं। शक्ति, अनुकंपा, स्वास्थ्य और विपुल आजीविका की प्राप्ति तथा विपत्ति, बीबारी और निर्धनता से छुटकारे की इच्छा इन सब इच्छाओं व आवश्यकताओं का स्रोत मनुष्य का स्वयं से प्रेम है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम अपनी प्रार्थनाओं में अनेक स्थानों पर इन भौतिक आवश्यकताओं को ईश्वर से मांगते हैं ताकि बंदगी व वंदना की छत्रछाया में इन प्रार्थनाओं का पूरा होना मनुष्य में आत्मिक व आध्यात्मिक परिपूर्णताओं की भूमि प्रशस्त करे। सहीफ़ए सज्जादिया के प्रशिक्षण संबंधी एक भाग दूसरे के साथ मनुष्य के संपर्क के बारे में है कि जिसके प्रशिक्षण के लिए विशेष दृष्टिकोणों की आवश्यकता है। सहीफ़ए सज्जादिया की प्रार्थनाओं के अध्ययन से इस वास्तविकता तक पहुंचते हैं कि इसकी प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्था मनुष्य के व्यवहार को पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक, और राजनैतिक सहित विभिन्न मंचों पर उद्देश्यपूर्ण बनाना चाहती है। उदाहरण स्वरूप सामाजिक संपर्क के संबंध में सहीफ़ए सज्जादिया का एक उद्देश्य माता-पिता के साथ मनुष्य के संबंध व संपर्क की शैली है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों में एक यह भी है कि बेटों को माता-पिता के साथ भलाई और उनका सम्मान व आज्ञापालन, जैसे कर्तव्यों के संबंध में अधिक से अधिक परिचित कराएं और उन्हें इन कर्तव्यों के निर्वाह के लिए प्रेरित करें।
इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम ने इस उद्देश्य के लिए सहीफ़ए सज्जादिया की चौबीसवीं प्रार्थना में कि जो माता-पिता के लिए प्रार्थना से विशेष है, माता-पिता के स्थान एवं उनके व्यक्तित्व के और उनके संबंध में संतान के कर्तव्यों का उल्लेख किया है। इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के शुभ जन्म दिवस की एक बार फिर हार्दिक बधाईयां स्वीकार कीजिए और आपसे अनुशंसा है कि कि सहीफ़ए सज्जादिया को एक बार पढ़ने का अवश्य समय निकालें। इस किताब का कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। कार्यक्रम के अंत में माता-पिता के संबंध में इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम की प्रार्थना के एक छोटे से भाग के उल्लेख के साथ कार्यक्रम का समापन कर रहे हैं। हे ईश्वर! इनके सामने मेरी आवाज़ को धीमी कर दे! बातों में मिठास पैदा कर दे! मेरे स्वभाव को कृपालु, मेरे मन को उनके लिए दयालु बना! मुझे उनके लिए अनुकूल बना और उनके लिए मुझे करुणामय बना!
नई टिप्पणी जोड़ें