सुरक्षा कारणों से इराक़ में "अबू ग़ुरैब" जेल को बंद किया गया


इराक़ की सरकार ने सुरक्षा आशंकाओं के तहत अबू ग़ुरैब जेल बंद करने की घोषणा की है।

न्यायमंत्री हसन शम्मरी ने घोषणा की कि जेल के 2400 क़ैदियों को उत्तरी और मध्यवर्ती प्रांतों की जेलों में स्थानान्तरित कर दिया गया है।

अबु ग़ुरैब जेल बग़दाद के पश्चिमी भाग में स्थित है। यह जेल वर्ष 2004 में एक स्कैंडल के बाद चर्चा में आई थी। इस जेल में अमरीकी सैनिकों ने इराक़ी क़ैदियों को अत्यंत भयानक और अमानवीय रूप से यातनाएं दी थीं। यह स्कैंडल सामने आने के बाद इसक नाम बदल कर सेंट्रल जेल रख दिया गया था।

इराक़ के पूर्व तानाशाह सद्दाम के शासन काल में इस जेल में बड़ी संख्या में क़ैदियों को मारा गया था।

मंगलवार को इराक़ के न्याय मंत्री ने घोषणा की कि जेल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है तथा क़ैदियों को स्थानान्तरित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि जेलों की सुरक्षा के कारण यह फ़ैसला किया गया है।

गत वर्ष जुलाई में आक्रमणकारियों ने अबु ग़ुरैब जेल तथा बग़दाद के उत्तर में स्थित ताजी जेल पर धावा बोल दिया था और सैकड़ों क़ैदियों को छुड़ाकर अपने साथ ले गए थे। इन हमलों में 50 से अधिक सुरक्षाकर्मी और क़ैदी मारे गए थे।

अबू ग़ुरैब जेल फ़ल्लूजा नगर से 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है जहां इस समय चरमपंथियों की बड़ी संख्या मौजूद है।

नई टिप्पणी जोड़ें