लेबनान, हिंसा में 27 लोगों की मौत


उत्तरी लेबनान में ताज़ा झड़पों में कम से कम 27 लोग मारे गए हैं।

इरना की रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी लेबनान के त्रिपोली नगर में सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद के समर्थकों और विरोधियों के बीच पिछले दस दिन से झड़पें जारी हैं जिनमें अब तक 27 व्यक्ति हताहत और 175 से अधिक घायल हो चुके हैं।

दोनों पक्ष एक दूसरे पर हल्के और भारी हथियारों से फ़ायरिंग कर रहे हैं जिसमें आवासीय और व्यापारिक स्थानों को निशाना बनाया जा रहा है। शुक्रवार को होने वाली झड़पों में तीन लोग मारे गए थे।

त्रिपोली में पिछले वर्षों में भी सशस्त्र झड़पें होती रही हैं जिनमें अब तक दो सौ से अधिक लोग हताहत और डेढ़ हज़ार से अधिक घायल हुए हैं।

इस समय त्रिपोली में गाड़ियों की आवाजाही अत्यंत सीमित है और अकार नगर से त्रिपोली को जोड़ने वाला अंतर्राष्ट्रीय मार्ग बंद कर दिया गया है। इस प्रकार स्कूल, कालेज और विश्व विद्यालय भी बंद हैं।

इस समय लेबनान की सेना नगर में शांति स्थापना के लिए तैनात कर दी गई है।

नई टिप्पणी जोड़ें